Gau Samman Abhiyan: दुर्ग। देशभर में गौ संरक्षण और संवर्धन को लेकर 27 अप्रैल से ‘गौ सम्मान अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के तहत गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून बनाने की मांग उठाई जाएगी। अभियान के सहयोगी मनोज ठाकरे ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को सुबह 11 बजे देशभर के सभी जिलों और तहसीलों में जिला कलेक्टर कार्यालयों पर एकत्रित होकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से गौ माता को उचित सम्मान, अनुसंधान और अनुदान दिलाना है।
अभियान के तहत गोबर और गौमूत्र के उपयोग को बढ़ावा देने, कृषि विश्वविद्यालयों में अनुसंधान केंद्र स्थापित करने और इससे जुड़े उद्योगों को प्रोत्साहित करने की भी मांग की जाएगी। इसके साथ ही देशभर में गौ हत्या को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में जनजागरण किया जाएगा।
मनोज ठाकरे ने बताया कि यह अभियान एक वर्ष तक विभिन्न चरणों में चलेगा। छत्तीसगढ़ में इसकी शुरुआत सभी जिलों से की जा रही है, जबकि दुर्ग जिले में घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है।
इस अभियान में हिंदू रक्षा मंच, गायत्री परिवार, आर्य समाज, इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन सहित कई सामाजिक और धार्मिक संगठन शामिल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में गौ भक्त और विभिन्न संगठन इस अभियान से जुड़कर समर्थन दे रहे हैं।
अभियान को लेकर 26 अप्रैल को सेक्टर-6 स्थित गायत्री मंदिर में एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होकर रणनीति तय करेंगे। आयोजकों ने सभी गौ प्रेमियों और सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

