Digital Census 2027: रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित जनगणना 2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना (Self-Enumeration) अभियान को जनता का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। अब तक राज्य के 61,503 नागरिकों ने आधिकारिक पोर्टल पर अपने परिवार और व्यक्तिगत विवरण दर्ज करने के लिए पंजीकरण कराया है।
जनगणना संचालन निदेशालय छत्तीसगढ़ के अनुसार, पंजीकृत नागरिकों में से 47,419 लोग पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर चुके हैं, जबकि 14,084 लोग अभी अपनी जानकारी भरने की प्रक्रिया में हैं। यह पहल भारत के महारजिस्ट्रार और जनगणना आयुक्त के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है।
डिजिटल स्व-गणना प्रणाली के तहत नागरिक घर बैठे OTP आधारित सत्यापन के जरिए पोर्टल में लॉगिन कर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसमें आवास की स्थिति, घरेलू सुविधाएं और परिवार के सदस्यों का विवरण शामिल होता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक डिजिटल ‘जनगणना संदर्भ संख्या’ (CRN) भी जारी की जाती है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह डिजिटल व्यवस्था न केवल जनभागीदारी बढ़ा रही है, बल्कि प्रशासनिक कार्यभार को कम करते हुए डेटा की सटीकता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित कर रही है। राज्यभर में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को डिजिटल उपकरणों के उपयोग का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और तकनीकी सहायता के लिए हेल्पलाइन सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
जनगणना संचालन निदेशक डॉ. कार्तिकेय गोयल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि सटीक डेटा के आधार पर राज्य के समावेशी और संतुलित विकास की योजनाएं बनाई जा सकें।
प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि जनगणना के तहत एकत्र की गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नागरिकों से जल्द से जल्द पंजीकरण कर इस महत्वपूर्ण अभियान में योगदान देने की अपील की गई है।

