Chhattisgarh Sarguja News: सरगुजा। आगामी जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम शामिल नहीं किए जाने पर प्रदेशभर में विरोध तेज हो गया है। सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जताई।
सर्व समाज ने मांग की है कि जातिगत जनगणना के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की अलग से गणना सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) का उल्लेख तो है, लेकिन ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं दिया गया है, जिससे इस वर्ग की पृथक गणना संभव नहीं हो पाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अप्रैल से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन के पहले चरण में ‘रेल रोको’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सरगुजा संभाग में सांकेतिक रूप से रेल रोकी जाएगी।
इस संबंध में कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव और साहू समाज के अध्यक्ष लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि देश में ओबीसी वर्ग की बड़ी आबादी है और उसकी अलग से गणना बेहद जरूरी है। इससे न केवल वास्तविक संख्या का पता चलेगा, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी जनसंख्या के आधार पर बेहतर तरीके से मिल सकेगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार द्वारा ओबीसी जनगणना को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी नहीं किए गए, तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमाने लगा है।

