मुंगेली में 2.54 करोड़ का धान गायब: खरीदी प्रभारी पर FIR, कलेक्टर ने हटाने के दिए निर्देश

मुंगेली में 2.54 करोड़ का धान गायब: खरीदी प्रभारी पर FIR, कलेक्टर ने हटाने के दिए निर्देश

Mungeli paddy missing case: मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के हथनीकला धान उपार्जन केंद्र में बड़ी अनियमितता सामने आई है। निरीक्षण के दौरान 8,216 क्विंटल धान गायब पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 54 लाख 70 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। मामले में खरीदी प्रभारी विक्रम सिंह राजपूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रशासनिक टीम द्वारा केंद्र के निरीक्षण के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई, जब रिकॉर्ड में दर्ज धान मौके पर नहीं मिला। इसे गंभीर लापरवाही और अनियमितता मानते हुए टीम ने अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी।

बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 105 उपार्जन केंद्रों में लगभग 53 लाख क्विंटल धान खरीदी हुई है। इनमें से 90 केंद्रों में 52.82 लाख क्विंटल से अधिक धान का शत-प्रतिशत उठाव पूरा हो चुका है, जबकि अन्य केंद्रों में प्रक्रिया जारी है।

संयुक्त जांच टीम, जिसमें राजस्व, खाद्य, सहकारिता विभाग और नोडल सीसीबी शामिल थे, ने हथनीकला केंद्र में जांच के दौरान पाया कि बड़ी मात्रा में धान रिकॉर्ड में तो दर्ज है, लेकिन भौतिक रूप से मौजूद नहीं है। साथ ही खरीदी प्रभारी विक्रम सिंह राजपूत 29 मार्च से बिना सूचना के अनुपस्थित भी पाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके आधार पर मुंगेली थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साथ ही कलेक्टर ने विभागीय जांच के आदेश देते हुए आरोपी को पद से हटाने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles