आईपीएल सट्टा गिरोह पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 गिरफ्तार, 3 इंटरस्टेट नेटवर्क ध्वस्त

आईपीएल सट्टा गिरोह पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 गिरफ्तार, 3 इंटरस्टेट नेटवर्क ध्वस्त

Online betting network exposed: रायपुर। आईपीएल सीजन के बीच ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मुंबई और ओडिशा तक फैले इस संगठित गिरोह पर एक साथ दबिश देकर पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और तीन बड़े सट्टा पैनल नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, नगदी राशि, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सट्टे से जुड़े अन्य उपकरण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

मामले की शुरुआत 13 अप्रैल को मिली एक सूचना से हुई, जिसमें रेलवे स्टेशन के पास एक कार में बैठे व्यक्ति द्वारा आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में उसके मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए आईडी बनाकर सट्टा संचालन का खुलासा हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का नेटवर्क रायपुर, मुंबई, महाराष्ट्र, गोवा और ओडिशा तक फैला हुआ है। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया।

मुंबई में रेड के दौरान ‘बजरंग ग्रुप’ एप से सट्टा चला रहे 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि ओडिशा के भवानीपटना में ‘रेड्डी बुक’ पैनल से जुड़े 7 आरोपी पकड़े गए। वहीं दुर्ग में ‘रेड्डी एप’ पैनल संचालित करने वाले 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

दुर्ग से गिरफ्तार आरोपियों के पास से 60 एटीएम कार्ड, 1 लाख रुपये नगद और एक कार भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह संगठित तरीके से आईडी बनाकर और पैसों का लेनदेन कर सट्टा संचालित कर रहा था।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।


Related Articles