CG Durg News: दुर्ग। महमरा घाट क्षेत्र में सोमवार, 13 अप्रैल की सुबह शिवनाथ नदी के एनीकट में अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की 9 सदस्यीय टीम नाव की मदद से शव को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि शव लगभग 3-4 दिन पुराना है और काफी हद तक सड़ चुका है, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मृतक के पास से कोई भी पहचान से जुड़ा सामान बरामद नहीं हुआ।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों के आधार पर शव की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इसी दौरान नंदिनी नगर थाना क्षेत्र से भी एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया। 12 अप्रैल की शाम देवरझाल इलाके में 42 वर्षीय यशवंत मरकाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। पुलिस ने ओमप्रकाश मरकाम की सूचना पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों ही मामलों में फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

