Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 17 महीने जेल में बंद रहने के बाद जमानत पर रिहा हुए हर्ष साहू (25) ने थाने से बाहर निकलते ही भोजपुरी गाने ‘आज जेल, कल बेल और परसो फिर वही खेल’ पर रील बनाई और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी।
वीडियो में युवक रौब दिखाते नजर आया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने हर्ष साहू को दुबारा थाने बुलाकर कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई और समझाइश दी। फिलहाल, उसे छोड़ दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष साहू स्टेशन मरोदा का निवासी है। उसे 2024 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल भेजा गया था और वह करीब 17 महीने तक बंद रहा। वीडियो 12 अप्रैल को अपलोड हुआ और एक ही दिन में इसे 47,800 से अधिक लोगों ने देखा।
पुलिस का कहना है कि युवक कब और किस काम से थाने आया था, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर ऐसी हरकतों से सावधान रहने की नसीहत दी गई है।

