Khairagarh News: खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर कार्रवाई की है। नवागांव चंडी मंदिर क्षेत्र स्थित साहू होटल के निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं। फ्रीजर बंद मिलने और उसमें रखी मिठाइयों के खराब होने की आशंका पर विभाग ने 5 किलो जलेबी नष्ट कराई। वहीं, मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। आवश्यक सुधार होने तक होटल को बंद करा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मेसर्स साहू होटल में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की कमी, कालातीत खाद्य सामग्री के विक्रय और भंडारण से जुड़ी खामियां मिलीं। फ्रीजर बंद होने के कारण उसमें रखी खाद्य सामग्री के बासी होने की आशंका जताई गई। इसके बाद तत्काल 5 किलो जलेबी नष्ट कराई गई।
मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने जांच के लिए भेजे
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने होटल से मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। होटल संचालक को खाद्य लाइसेंस और पंजीयन अद्यतन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने आवश्यक सुधार होने तक होटल बंद रखने की कार्रवाई की है।
दीपावली से पहले मिठाई कारोबारियों को निर्देश
त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने मिठाइयों की गुणवत्ता, ताजगी, साफ-सफाई और सुरक्षित भंडारण पर ध्यान देने की जरूरत बताई है।
अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग और कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन तथा सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला और अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय के मार्गदर्शन में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने कार्रवाई की जानकारी दी। अब मिठाइयों के नमूनों की जांच रिपोर्ट और होटल में किए जाने वाले सुधार पर नजर रहेगी।

