CG Jashpur News: जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले में सड़क संपर्क मजबूत करने और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए पुल-पुलियों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में जशपुर-सन्ना मार्ग पर मरगा नाला में 4 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जा रहा है। इससे जशपुर का सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों से सड़क संपर्क बेहतर होगा और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मरगा नाला पर वर्तमान में बनी संकरी पुलिया के कारण लंबे समय से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। कम चौड़ाई के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी और कई बार यातायात बाधित हो जाता था। बड़े वाहनों को निकलने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए उच्च स्तरीय पुल के निर्माण से इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
सरगुजा संभाग के जिलों से बेहतर होगा संपर्क
जशपुर-सन्ना मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। मरगा नाला पर पुल बनने से सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर की ओर आवागमन अधिक सुगम होगा। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा। किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने तथा लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक आने-जाने में भी सहूलियत होगी।
22 उच्च स्तरीय पुलों के लिए 109 करोड़ रुपये स्वीकृत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क और पुल अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 22 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए लगभग 109 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन पुलों के निर्माण से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होगा।
बारिश में भी आवागमन होगा आसान
जशपुर जिले के कई ग्रामीण इलाकों में नदी-नालों के कारण विशेषकर बारिश के मौसम में आवागमन प्रभावित होता है। जलस्तर बढ़ने पर छोटी पुलिया और निचले मार्गों से गुजरना मुश्किल हो जाता है। उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण से वर्षभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ गांवों की जिला मुख्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंच आसान होगी।
ग्रामीण विकास और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी गति
बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। किसानों को उपज के परिवहन, विद्यार्थियों को शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने और मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने में सहूलियत होगी। मरगा नाला पर पुल निर्माण को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
मरगा नाला पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण तेजी से होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुल बनने के बाद लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या दूर होगी। क्षेत्रवासियों ने 4.52 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण और जिले में सड़क संपर्क सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

