अंबिकापुर में पीलिया का कहर, 2 की मौत से हड़कंप, कांग्रेस ने निगम कार्यालय का किया घेराव

अंबिकापुर में पीलिया का कहर, 2 की मौत से हड़कंप, कांग्रेस ने निगम कार्यालय का किया घेराव

Ambikapur Jaundice Outbreak अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में पिछले 10 दिनों में पीलिया के करीब 60 मरीज सामने आए हैं, जिनमें 2 की मौत हो चुकी है। मृतकों में 13 वर्षीय छात्र दिव्यांश राय और 40 वर्षीय युवक सोना लाल शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों के पानी में खतरनाक बैक्टीरिया ई-कोलाई पाए जाने की पुष्टि की है।

शहर के 48 वार्डों में से चार वार्ड पीलिया से प्रभावित हैं, जिसमें नवागढ़ और मोमिनपुर क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि पीलिया शहर के पश्चिमी क्षेत्र और आखिरी छोर तक फैल चुका है और सरकार जल्द सर्वे कराएगी।

दिव्यांश राय नमनाकला खटिक पारा का निवासी था और आठवीं कक्षा का छात्र था। 19 फरवरी से उसकी तबीयत खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पीलिया की पुष्टि हुई। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर्स ने रायपुर रेफर किया, लेकिन परिजन उसे नहीं ले जा सके और मिशन अस्पताल में इलाज शुरू हुआ। हालत में सुधार न होने पर 24 फरवरी को दूसरे निजी अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं, जनपद पारा निवासी सोना लाल (40) की भी 22 फरवरी को पीलिया से मृत्यु हुई।

स्वास्थ्य अमले ने नवागढ़ और मोमिनपुर क्षेत्र में करीब एक महीने से मरीज मिलने की पुष्टि की है। इलाके के पेयजल के सैंपल में ई-कोलाई खतरनाक स्तर पर पाया गया। इसके बाद कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। 25 फरवरी को कांग्रेसी रैली निकालकर निगम के नए प्रशासनिक भवन पहुंचे और पुलिस की बेरिकेडिंग तोड़कर नारेबाजी की।

मंगलवार (24 फरवरी) को महापौर मंजूषा भगत प्रभावित वार्डों का निरीक्षण करने पहुंचीं। उन्होंने इलाके में फैली गंदगी पर नाराजगी जताई और बताया कि निगम अमला पेयजल सप्लाई लाइन दुरुस्त करने में लगा है। इसके साथ ही उन्होंने पीलिया फैलने को साजिश से जोड़कर बताया।

Read More : दुर्ग पुलिस ने नशीले पदार्थ तस्करी का किया भंडाफोड़, अल्प्राजोलम और चिट्टा सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस


Related Articles