जगदलपुर में चोर ने सूने मकान से करीब 5 लाख रुपए से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवरात और कैश की चोरी की है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य डिमरापाल के मेडिकल कॉलेज गए हुए थे। इसी बीच चोर ने हाथ साफ कर लिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, सन सिटी कॉलोनी के रहने वाले जूता कारोबारी के यश मठानी ने सिटी कोतवाली पुलिस थाने में चोरी की FIR दर्ज करवाई है। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि, गुरुवार शाम करीब 7 बजे पत्नी की डिलीवरी के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज गए हुए थे। घर में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था।
घर लौटे तो ताला टूटा मिला
इसी दौरान चोरों ने मकान में सेंध लगाई और चोरी की वारदात की। रात करीब 10 बजे जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो ताला टूटा मिला। मुख्य दरवाजे और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। घर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर सोने की चेन, अंगूठी, समेत 1.50 लाख रुपए कैश लेकर फरार हो गया है।
CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
जिसके बाद पुलिस ने चोर की तलाश शुरू कर दी है। घर में लगे CCTV कैमरे खंगाले गए। जिसमें चोर अंदर घुसते हुए नजर आ रहा है। वहीं आस-पास इलाके में लगे कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।
दंतेश्वरी मंदिर में भी हुई थी चोरी
करीब 5 से 6 दिन पहले जगदलपुर में स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में भी चोरी हुई थी। चोर ने मंदिर में स्थित देवी की मूर्तियों से सोने-चांदी के आभूषण चुराए थे। CCTV कैमरे में चोर चोरी करता हुआ भी नजर आया था। पुलिस ने चोर का पता बताने वाले को 5 हजार रुपए इनाम देने की बात कही है।

