West Bengal: पश्चिम बंगाल में अगर बीजेपी जीती तो कौन बनेगा मुख्यमंत्री? यहां देखिए टॉप-5 नेताओं की लिस्ट

West Bengal: पश्चिम बंगाल में अगर बीजेपी जीती तो कौन बनेगा मुख्यमंत्री? यहां देखिए टॉप-5 नेताओं की लिस्ट

West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम आज 4 मई को सामने आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस पीछे चल रही है। अगर ये रुझान परिणाम में बदलते हैं तो भारतीय जनता पार्टी पहली बार पश्चिम बंगाल में पहली बार सत्ता हासिल करने जा रही है। वहीं, 15 साल बाद पश्चिम बंगाल से TMC और सीएम ममता बनर्जी की विदाई होने जा रही है। अब सवाल ये भी है कि अगर बंगाल में भाजपा सत्ता में आती है तो पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा? ऐसे में आइए जानते हैं कि भाजपा के उन प्रमुख नेताओं के बारे में जो मुख्यमंत्री बनने की रेस में हैं।

सुवेंदु अधिकारी

सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता हैं। वह वर्तमान में नंदीग्राम सीट से विधायक हैं और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों ही सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। आपको बता दें कि सुवेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे और उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को चुनाव हराया था। इस बार वह भवानीपुर में भी ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। वह पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं। सीएम की रेस में सुवेंदु का नाम सबसे आगे है।

दिलीप घोष

दिलीप घोष पश्चिम बंगाल में भाजपा के सबसे दिग्गज नेताओं में से एक हैं। वह पूर्व में राज्य में भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। दिलीप घोष ने अपनी राजनीतिक यात्रा RSS के प्रचारक के तौर पर शुरू की थी। वह साल 2014 में भाजपा में शामिल हुए और 2015 में पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष बने। उन्होंने 2016 के विधानसभा में खड़गपुर सदर सीट से चुनाव जीता। इसके बाद उन्होंने साल 2019 में मेदिनीपुर लोकसभा सीट से भी चुनाव जीता था। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में वह खड़गपुर सदर सीट से उम्मीदवार हैं। दिलीप घोष पश्चिम बंगाल में भाजपा के सीएम फेस की दौर में प्रबल उम्मीदवार हैं।

सुकांत मजूमदार

डॉ. सुकांत मजूमदार पश्चिम बंगाल के बालुरघाट लोकसभा सीट से लगातार 2 बार से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं और शिक्षा मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री; और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री के पद पर कार्यरत हैं। वह इससे पहले पश्चिम बंगाल में भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय से वनस्पति विज्ञान में पीएच.डी. की डिग्री प्राप्त की है। वह राज्य में भाजपा के प्रमुख चेहरे हैं और केंद्रीय नेतृत्व के भी करीबी हैं। ऐसे में वह सीएम पद के भी उम्मीदवार हैं।

अग्निमित्रा पॉल

अग्निमित्रा पॉल पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जानी-मानी नेता हैं। जानकारी के अनुसार अग्निमित्रा पॉल राजनीति में आने से पहले कोलकाता में फैशन डिजाइनर थीं। वर्तमान में वह पश्चिम बंगाल विधानसभा के आसनसोल दक्षिण सीट से विधायक हैं और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में एक बार फिर से इस सीट से चुनाव लड़ रही हैं। वह पश्चिम बंगाल में भाजपा महिला मोर्चा की कमान भी संभाल चुकी हैं। अग्निमित्रा पॉल पश्चिम बंगाल में भाजपा की सबसे प्रमुख महिला नेताओं में से एक हैं।

रूपा गांगुली

रूपा गांगुली हिंदी और बंगाली सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री रही हैं। वह महाभारत सीरियल में द्रौपदी के रोल से प्रसिद्ध हुई थीं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। वह राज्यसभा की सांसद और पश्चिम बंगाल में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रही हैं। राज्य में अगर महिला मुख्यमंत्री की बनाई जाने की बात आती हैं रूपा गांगुली इस रेस में काफी आगे हैं।


Related Articles