प्रतापपुर में सर्व आदिवासी युवा प्रभाग की भव्य बैठक, कार्यकारिणी का विस्तार; युवाओं को एकजुटता का संदेश

प्रतापपुर में सर्व आदिवासी युवा प्रभाग की भव्य बैठक, कार्यकारिणी का विस्तार; युवाओं को एकजुटता का संदेश

Chhattisgarh Surajpur Latest News: सूरजपुर: सर्व आदिवासी युवा प्रभाग के तत्वावधान में प्रतापपुर में एक दिवसीय भव्य बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष बीपीएस पोया के सानिध्य में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस दौरान कार्यकारिणी का विस्तार किया गया।

बैठक में समाज की एकजुटता, युवाओं की भूमिका और अधिकारों के प्रति जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने समाजहित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पद्मश्री माता राजमोहनी देवी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के छायाचित्रों पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष बीपीएस पोया ने कहा कि संविधान निर्माण में आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसके चलते उन्हें पांचवीं और छठी अनुसूची जैसे अधिकार प्राप्त हुए। उन्होंने पेसा कानून 1996 का उल्लेख करते हुए युवाओं से समाज के अधिकारों और महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर त्रिभुवन सिंह टेकाम ने शिक्षा और संगठनात्मक एकता पर जोर दिया, जबकि डॉ. नार्वेन कासव टेकाम ने व्यापार और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। वरिष्ठ समाजसेवी उदय मरावी की भी विशेष उपस्थिति रही।

नवगठित कार्यकारिणी:

बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें राजू आयाम, प्यारेलाल नागवंशी और नंदलाल सिंह को संरक्षक, संफलाल सिंह पोया को अध्यक्ष, रामसुंदर मरकाम को कार्यकारी अध्यक्ष, अमरबहादुर सिंह आयाम को महासचिव, अंजली आयाम को सचिव, राजेश सिंह पोया को कोषाध्यक्ष और रामचंद्र माझी को संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके अलावा कई पदों पर अन्य सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। नव-नियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और वरिष्ठजनों की बड़ी संख्या में गरिमामयी उपस्थिति रही।


Related Articles