Assembly Election Results 2026: नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। फिलहाल पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं। अभी तक के रुझानों के मुताबिक बीजेपी ने बहुमत का 148 वाला जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं दोपहर तक नतीजे भी सामने आने लगेंगे। बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव कराए गए। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को संपन्न हुआ। वहीं मतदान संपन्न होने के बाद आज मतों की गणना हो रही है। एक तरफ पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी अपनी कुर्सी बचाने के लिए चुनाव लड़ रही हैं, तो वहीं दूसरी बीजेपी की नजर पश्चिम बंगाल की सत्ता पर है। हालांकि देखने वाली बात ये होगी कि इस बार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर किसका कब्जा होगा।
चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पहली बार ईसीआईएनईटी के तहत क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान प्रणाली भी शुरू की गई है, ताकि किसी भी अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सके।
पश्चिम बंगाल में कड़ी सुरक्षा
पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों की गिनती 77 केंद्रों पर होगी। यहां अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मतदान दो चरणों में 29 अप्रैल को संपन्न हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 92.47% मतदान दर्ज किया गया। दक्षिण 24 परगना की फलता सीट पर गड़बड़ी के कारण दोबारा मतदान 21 मई को होगा। राज्य में टीएमसी और भाजपा दोनों ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं की आशंका जताई है।
असम में एनडीए की नजर तीसरे कार्यकाल पर
असम की 126 सीटों के लिए 35 जिलों में 40 केंद्रों पर मतगणना हो रही है। एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है। यहां सुरक्षा के लिए सीएपीएफ और राज्य पुलिस की बड़ी तैनाती की गई है। हालांकि भाजपा रूझानों में काफी बढ़त बनाए हुए हैं।
केरल में सत्ता परिवर्तन की लड़ाई
केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाला यूडीएफ, सत्तारूढ़ एलडीएफ को चुनौती दे रहा है। भाजपा भी अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। कुल 140 सीटों के लिए 43 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।
तमिलनाडु में द्रमुक बनाम अन्नाद्रमुक
तमिलनाडु में द्रमुक लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटने की उम्मीद कर रही है, जबकि अन्नाद्रमुक और नई पार्टियां मुकाबले को रोचक बना रही हैं। राज्य में 62 केंद्रों पर मतगणना हो रही है।
पुडुचेरी और उपचुनाव
पुडुचेरी में छह केंद्रों पर मतगणना जारी है, जबकि गोवा, कर्नाटक, नगालैंड, गुजरात और महाराष्ट्र की आठ सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे भी आज घोषित होंगे। चुनाव आयोग ने सभी राज्यों में भारी सुरक्षा, मोबाइल प्रतिबंध और हजारों कर्मियों की तैनाती के साथ मतगणना प्रक्रिया को सख्ती से नियंत्रित किया है।

