Bhilai Crime News: भिलाई में 48 घंटे में दो चाकूबाजी की वारदातें, थर्ड जेंडर समेत तीन लोग घायल

Bhilai Crime News: भिलाई में 48 घंटे में दो चाकूबाजी की वारदातें, थर्ड जेंडर समेत तीन लोग घायल

CG Bhilai Crime News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बीते दो दिनों के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने शहर में दहशत फैला दी है। इन वारदातों में एक थर्ड जेंडर सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

थर्ड जेंडर पर घर में घुसकर जानलेवा हमला

पहली घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित ए-मार्केट इलाके की है। यहां रहने वाली थर्ड जेंडर रानी पर अज्ञात युवकों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले तकिए से रानी का मुंह दबाकर उसे मारने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल रानी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जन्मदिन पार्टी में युवकों पर चाकू से हमला

दूसरी घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अटल आवास की है। जानकारी के अनुसार बृजलाल मौर्य अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने अचानक बृजलाल मौर्य और राजू विश्वनाथ पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए। घायलों को तुरंत सुपेला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

दोनों मामलों में भिलाई नगर और वैशाली नगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

लगातार घटनाओं से बढ़ी दहशत

शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Related Articles