Chhattisgarh Latest News: स्मृति ईरानी के पहले छत्तीसगढ़ दौरे का सीएम साय ने बताया पूरा खाका, दो दिन में कार्यकर्ताओं से लेकर मंत्रियों तक करेंगी बैठक

Chhattisgarh Latest News: स्मृति ईरानी के पहले छत्तीसगढ़ दौरे का सीएम साय ने बताया पूरा खाका, दो दिन में कार्यकर्ताओं से लेकर मंत्रियों तक करेंगी बैठक

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंची हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके प्रवास की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। दो दिनों तक वे पार्टी कार्यकर्ताओं और संगठन के अलग-अलग स्तरों के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी। इस दौरान कई बैठकें आयोजित की गई हैं, जिनके माध्यम से वे संगठन की गतिविधियों और कार्यों की जानकारी लेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अभनपुर में सभी ने मिलकर कार्यक्रम सुना। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में लोगों द्वारा किए जा रहे नवाचारों और प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाते हैं।

भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, ‘मन की बात’ सुनने के बाद स्मृति ईरानी प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के साथ रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्रियों के साथ बैठक के बाद प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारी एवं सह-प्रभारियों, जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ चर्चा का कार्यक्रम है। इसके बाद वे पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों से मुलाकात करेंगी। चाय के बाद पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों और पार्टी की कोर कमेटी के साथ बैठक निर्धारित है।

दौरे के दूसरे दिन यानी 26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद मंत्रिमंडल के सदस्यों तथा निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से चर्चा होगी। प्रवास के अंतिम चरण में विचार परिवार के साथ बैठक का कार्यक्रम रखा गया है।

स्मृति ईरानी के इस दौरे को प्रदेश भाजपा संगठन के विभिन्न स्तरों से संवाद और फीडबैक लेने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, बैठकों में किन मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी और उनके बाद संगठन स्तर पर क्या निर्णय लिए जाएंगे, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।


Related Articles