शाजापुर में दर्दनाक हादसा: चलती बस में लगी आग, 4 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

शाजापुर में दर्दनाक हादसा: चलती बस में लगी आग, 4 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

Tragic accident in Shajapur: शाजापुर। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इंदौर से ग्वालियर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस बस में अचानक आग लगने से चार साल के मासूम बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार इंटरसिटी एक्सप्रेस बस (MP-07JL9090) इंदौर से ग्वालियर जा रही थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। यात्रियों ने बताया कि सफर के दौरान बस की वायरिंग से जलने की बदबू आ रही थी और इसकी शिकायत चालक से की गई थी, लेकिन उसने इसे नजरअंदाज कर दिया।

बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे स्थित होटल जैन पथ पर बस रुकने के कुछ देर बाद अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। हादसे में शिवपुरी निवासी एक चार वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।

यात्रियों ने तोड़े कांच, तब बची जान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में न तो कोई आपातकालीन खिड़की थी और न ही आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे। आग लगने के बाद बस का मुख्य दरवाजा भी नहीं खुल रहा था। ऐसे में यात्रियों ने बस के कांच और खिड़कियां तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

आरोप है कि हादसे के दौरान ड्राइवर और कंडक्टर यात्रियों को छोड़ मौके से फरार हो गए। आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों का सामान भी जलकर राख हो गया।

दमकल ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही मक्सी, तराना और शाजापुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है।

मक्सी थाना प्रभारी रामचरण भदोरिया ने बताया कि मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फरार ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Related Articles