कुलगाम में आतंकियों ने दो मजदूरों पर बरसाईं गोलियां, छत्तीसगढ़ के दीपक की मौत; लश्कर-ए-तैयबा ने ली हमले की जिम्मेदारी

कुलगाम में आतंकियों ने दो मजदूरों पर बरसाईं गोलियां, छत्तीसगढ़ के दीपक की मौत; लश्कर-ए-तैयबा ने ली हमले की जिम्मेदारी

Jammu and Kashmir Terror Attack: श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के किल्लम इलाके में शुक्रवार को आतंकियों ने गैर-कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी कर दी। इस हमले में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक की मौत हो गई, जबकि दूसरे मजदूर भूपेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों मजदूरी का कार्य करते थे। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर लिया और हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। पुलिस और सेना की संयुक्त टीमें आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही हैं ताकि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब एक दिन पहले 30 जुलाई को सुरक्षाबलों ने राजौरी जिले के जंगलों में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया था। संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान वहां से राशन, खाना पकाने के बर्तन और अन्य जरूरी सामान बरामद किया गया था। जांच में सामने आया कि घने जंगल और ऊंचे पेड़ों की आड़ में आतंकियों ने अस्थायी ठिकाना बना रखा था।

सुरक्षाबलों द्वारा आतंकियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में विभिन्न अभियानों के दौरान तैयार आईईडी, कपड़े, खाद्य सामग्री, अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल), गोला-बारूद, मेडिकल सामग्री, एके-47 राइफलें, पिस्तौल और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


Related Articles