Chhattisgarh Latest News: विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पंचतत्व में विलीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया कंधा; राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

Chhattisgarh Latest News: विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पंचतत्व में विलीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया कंधा; राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विधायक को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी पार्थिव देह को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस भी बंधाया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय निधन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि कोर्सेवाड़ा दूसरी बार अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। वे सुलझे हुए, परिपक्व, मिलनसार और मृदुभाषी जनप्रतिनिधि थे। उन्हें हमेशा अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान की चिंता रहती थी। एक शिक्षक से विधायक तक का उनका सफर जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए बताया कि विधायक के उपचार के दौरान उनकी लगातार बातचीत होती रही थी। उन्हें कहीं से भी ऐसा नहीं लगा था कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा हैदराबाद से स्वस्थ होकर वापस नहीं लौटेंगे। निधन से एक दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी हैदराबाद जाकर उनसे मिले थे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य तथा उपचार की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री की भी चिकित्सकों से बातचीत कराई गई थी। उन्होंने बताया कि चिकित्सक उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे थे और स्वयं कोर्सेवाड़ा ने भी स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद जताई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोर्सेवाड़ा का सहज और सरल व्यक्तित्व तथा जनसेवा के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 78 वर्षीय विधायक का हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था।

शनिवार सुबह विधायक की पार्थिव देह विमान से रायपुर पहुंची थी। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास ले जाया गया, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन किए। वहां से पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

अंतिम विदाई के अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल और भोजराज नाग, विधायक पुन्नूलाल मोहले, ईश्वर साहू और ललित चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी किरण गंगाराम चव्हाण, वरिष्ठ अधिकारी, सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

दिवंगत विधायक के सम्मान में बालोद का राज्योत्सव सादगी से होगा आयोजित

विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के सम्मान में बालोद जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह को सादगी के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत समारोह में होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। अब आयोजन में केवल शासकीय योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से आम नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।


Related Articles