रायगढ़ के जानकी होटल में अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़, मैनेजर गिरफ्तार

रायगढ़ के जानकी होटल में अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़, मैनेजर गिरफ्तार

Chhattisgarh Raigarh Latest News: रायगढ़। जिले के रामलीला मैदान रोड स्थित जानकी होटल में अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने होटल में दबिश देकर बड़ी मात्रा में शराब और बीयर जब्त करते हुए होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जानकी होटल में अघोषित बार की तरह काउंटर पर शराब रखकर अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा, जहां होटल मैनेजर सुरेंद्र पटेल निवासी कटनी, मध्यप्रदेश मौके पर मौजूद मिला।

शराब, बीयर और नकदी जब्त

तलाशी के दौरान पुलिस को काउंटर पर रखे थैलों से अलग-अलग ब्रांड की 13 बीयर बोतलें, 6 बीयर केन और 4 शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके अलावा शराब बिक्री से जुड़े 500 रुपए नकद भी जब्त किए गए।

पूछताछ में कबूला अवैध कारोबार

पुलिस पूछताछ में आरोपी सुरेंद्र पटेल ने स्वीकार किया कि वह कई वर्षों से होटल में मैनेजर के रूप में कार्यरत है और अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

लंबे समय से चल रही थी अवैध बिक्री

स्थानीय लोगों के अनुसार जानकी होटल में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री का कारोबार संचालित हो रहा था। रात के समय यहां शराब खरीदने वालों की भीड़ भी लगती थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई थी।

एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी

शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब कारोबार, नशे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रखेगी।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


Related Articles