Sukma News: झीरम घाटी से लगे गांव में सड़क और स्वास्थ्य सुविधा का अभाव, बीमार महिला को कांवड़ के सहारे अस्पताल पहुंचाया

Sukma News: झीरम घाटी से लगे गांव में सड़क और स्वास्थ्य सुविधा का अभाव, बीमार महिला को कांवड़ के सहारे अस्पताल पहुंचाया

Chhattisgarh Sukma News: सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के दूरस्थ इलाके से बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर करने वाली तस्वीर सामने आई है। छिंदगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत एलेंगनार के माला पारा में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीण एक बीमार महिला को कांवड़ के सहारे कंधों पर उठाकर अस्पताल ले जाने को मजबूर हुए। ग्रामीणों ने वीडियो साझा कर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर गांव की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, झीरम घाटी से लगे इस इलाके में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण 108 एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पा रही है। ऐसे में बीमार महिला को ग्रामीणों ने कांवड़ में उठाया और ऊंचे पहाड़ी रास्ते से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। इस घटना ने दूरस्थ गांवों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की चुनौती को फिर सामने ला दिया है।

वीडियो में एक युवक अपनी परेशानी बताते हुए कह रहा है कि गांव में बच्चा हो, बुजुर्ग हो या जवान, किसी के बीमार पड़ने पर उसे इसी तरह कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, मरीजों को कोड़ापोदर और झीरम तक ले जाने की मजबूरी रहती है। युवक ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सवाल किया कि गांव तक सड़क पहुंचाने की समस्या पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है।

ग्रामीणों की मांग है कि गांव तक सड़क और एंबुलेंस जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बीमारी या आपात स्थिति में मरीजों को इस तरह कठिन रास्तों से न ले जाना पड़े। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से किसी ठोस कार्रवाई या आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।


Related Articles