Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। जिले के आरंग थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर के पास से 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया है।
घटना 16 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे आरंग के इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर के पास की है। बच्चे के पिता मेडिकल स्टोर में काम करते हैं, जबकि उसकी मां नर्स हैं। जानकारी के मुताबिक, पिता ने अपने 8 वर्षीय बेटे को मेडिकल दुकान पर छोड़ा था। सुबह करीब 9 बजे बच्चा साइकिल चलाने और खेलने की बात कहकर दुकान से बाहर निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर शाम करीब 4 बजे आरंग थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और इलाके में नाकेबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान बच्चे के पिता के मोबाइल पर अज्ञात लोगों का फोन आया। फोन करने वालों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने कॉल से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाने के लिए रेंज साइबर सेल की मदद ली और संभावित रास्तों पर सघन जांच अभियान चलाया।
पुलिस की घेराबंदी के बीच आरोपी बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद रेंज साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी गई।
पुलिस ने इस मामले में हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25), पिता बुधुराम निषाद, और मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20), पिता भक्तु ध्रुव, दोनों निवासी ग्राम दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार, को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपहरण और फिरौती मांगने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों वयस्क आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

