Chhattisgarh Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित भुईगांव की युवती क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड के निवासी क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम के साथ विवाह किया है। दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों से जुड़े इस जोड़े ने 16 अक्टूबर 2026 को जिला मुख्यालय में विवाह अधिकारी के समक्ष निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इस अंतरराष्ट्रीय विवाह की स्थानीय स्तर पर चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, पामगढ़ तहसील के भुईगांव के वार्ड क्रमांक 7, नालापारा निवासी 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल के पिता का नाम हनोक नथेनियल और माता का नाम सोनिया नथेनियल है। वहीं, उनके जीवनसाथी बने 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम नीदरलैंड के निवासी हैं। उनके पिता का नाम विलेम डीर्क वरबूम बताया गया है।
विवाह को कानूनी रूप देने के लिए दोनों अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के समक्ष उपस्थित हुए। निर्धारित कानूनी प्रावधानों और अधिनियम की धारा 5 के तहत तीन गवाहों की मौजूदगी में आवश्यक घोषणा की गई। वधू पक्ष की ओर से हनोक नथेनियल और सोनिया नथेनियल गवाह के रूप में शामिल हुए।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद विवाह अधिकारी ने प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर कर विवाह प्रमाण-पत्र जारी किया। इसके साथ ही दोनों के विवाह को आधिकारिक मान्यता मिली।
भुईगांव में इस विवाह की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के बीच उत्सुकता और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने नवविवाहित जोड़े को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी हैं। हालांकि, क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान की मुलाकात कहां और किन परिस्थितियों में हुई, इस बारे में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

