Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर की तर्ज पर अब बिलासपुर में भी जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क स्थापित किए जाने की दिशा में पहल तेज हो सकती है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की मांग पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर निगम आयुक्त को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वहीं प्रदेशभर के सराफा व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्वर्णकला बोर्ड के गठन की मांग भी जोर-शोर से उठी, जिस पर शासन स्तर पर विचार करने का आश्वासन दिया गया।
मंगला स्थित रामदेव लॉन में आयोजित छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के तृतीय आमसभा एवं ‘सराफा महासम्मेलन-2026’ में प्रदेशभर से हजारों सराफा व्यापारी शामिल हुए। “2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल” थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में व्यापारिक विकास, कारीगरों के संरक्षण और उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क और स्वर्णकला बोर्ड की मांग
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के संबोधन से हुई। उन्होंने रायपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के लिए भूमि आवंटन पर राज्य सरकार का आभार जताते हुए इसके जल्द क्रियान्वयन की अपेक्षा व्यक्त की। साथ ही बिलासपुर में भी जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क स्थापित करने तथा पारंपरिक स्वर्ण कारीगरों के संरक्षण और सराफा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए स्वर्णकला बोर्ड के गठन की मांग रखी।
इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे को बिलासपुर जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
व्यापारियों की कानूनी समस्याओं पर भी हुई चर्चा
सम्मेलन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 (पूर्व में IPC की धारा 411 से संबंधित प्रावधान) के कथित दुरुपयोग और सराफा व्यापारियों को होने वाली परेशानियों पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने नियमों को सरल बनाने और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग रखी।
इस पर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं पर संबंधित विभाग से चर्चा कर आवश्यक समाधान निकाला जाएगा, ताकि ईमानदार व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान, BIS और GST पर कार्यशाला
महासम्मेलन के दौरान सराफा उद्योग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थापकों, पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठ सदस्यों और प्रदेश की सभी जिला इकाइयों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) और जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष कार्यशाला आयोजित कर हॉलमार्किंग, जीएसटी नियमों और व्यापार से जुड़े नए प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने व्यापारियों के सवालों के जवाब भी दिए।
शहर और व्यापार के विकास का भरोसा
सम्मेलन के समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सराफा एसोसिएशन का तीसरा वर्ष वास्तव में नई उपलब्धियों का वर्ष बनेगा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे प्रदेश के सराफा व्यापारियों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर के समग्र विकास और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद सम्मेलन में पहुंचकर सराफा व्यापारियों से किए गए अपने वादे को निभाने की बात भी कही।
रक्तदान शिविर में जुटे व्यापारी
महासम्मेलन के दौरान साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में 50 यूनिट से अधिक रक्त एकत्र किया गया, जिसका उपयोग जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कल्याण सिंह, सचिव दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष आलोक सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय सहित प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, प्रदेश कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन तथा अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

