CG News: जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर केंद्रीय जेल में बीते पांच दिनों के भीतर दूसरी मौत का मामला सामने आने से जेल प्रशासन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को एक महिला बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद अब नक्सल मामले में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
बाथरूम में गिरने से गंभीर रूप से हुआ था घायल
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुंजम के रूप में हुई है, जो बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर गांव का निवासी था। रमेश नक्सल मामलों में जेल में बंद था और नवंबर 2025 में उसे दंतेवाड़ा जेल से जगदलपुर केंद्रीय जेल स्थानांतरित किया गया था।
बताया जा रहा है कि 4 जून को जेल परिसर के बाथरूम में गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
महिला बंदी की आत्महत्या के बाद दूसरी घटना
गौरतलब है कि रविवार तड़के ही केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी ने अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अब महज पांच दिनों के भीतर दूसरी मौत की घटना सामने आने से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
लगातार दो मौतों के बाद केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और बंदियों की निगरानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासन ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

