किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 15 दुकानें सील

किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 15 दुकानें सील

CG News: जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर नगर निगम ने वर्षों से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए विशेष अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के तहत संजय बाजार की 15 दुकानों को सील कर दिया गया। वहीं बकाया किराये की वसूली करते हुए निगम ने 1 लाख 42 हजार 640 रुपये भी जमा कराए।

नगर निगम के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने बताया कि निगम की करीब 60 दुकानों पर लगभग 40 लाख रुपये का किराया बकाया है। कई बार नोटिस जारी करने और भुगतान के लिए चेतावनी देने के बावजूद संबंधित दुकानदारों ने राशि जमा नहीं की। इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग ने सीलिंग अभियान शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने बकायेदार दुकानों को सील कर दिया और मौके पर मौजूद व्यापारियों को जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिन दुकानदारों पर किराया बकाया है, उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

40 लाख रुपये से अधिक किराया बकाया

नगर निगम के अनुसार, निगम की दुकानों का किराया लंबे समय से जमा नहीं किया जा रहा था, जिससे राजस्व को भारी नुकसान हो रहा था। इसी को देखते हुए बकायेदारों के खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई शुरू की गई है। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी संपत्तियों का उपयोग करने वाले किरायेदारों को समय पर किराया जमा करना होगा, अन्यथा सीलिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब नोटिस के बाद सीधे कार्रवाई की जाएगी। बकाया किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी। नगर निगम का लक्ष्य राजस्व वसूली बढ़ाने के साथ-साथ सरकारी संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन को सुनिश्चित करना है।


Related Articles