पाटन में संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज जयंती धूमधाम से मनाई, सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधि हुए शामिल

पाटन में संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज जयंती धूमधाम से मनाई, सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधि हुए शामिल

Chhattisgarh Patan News: पाटन। संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज की जयंती के अवसर पर सम्मान समारोह का भव्य आयोजन स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम, जनपद पंचायत के सामने पाटन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज के तेल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक रिंकेश सेन ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जिला पंचायत सदस्य कल्पना नारद साहू, नेहा बाबा वर्मा, लक्ष्मी नारायण सेन, संतोष सेन, निशा सोनी, चंद्रहास देवांगन, भीखम सेन, भुवनलाल कौशिक, पार्षद नरेश श्रीवास, सुरुचि उभरे तथा किलेश्वरी उमरे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कल्पना नारद साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि संत शिरोमणि श्री सेन जी भगवान विष्णु के परम उपासक थे और उन्होंने अपने भक्ति भाव से सेन समाज का मान-सम्मान बढ़ाया। नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने समाज को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेन समाज हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह दिन अत्यंत पवित्र है और सेन समाज सेवा, समर्पण तथा पवित्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर जीवन के विभिन्न संस्कारों तक सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और सभी वर्गों की सहभागिता से ही समाज का विकास संभव है। उन्होंने यह भी बताया कि नारी सशक्तिकरण एवं आरक्षण के विषय में 16 अप्रैल को दिल्ली में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होने वाला है, जिसमें वे भाग लेने जा रहे हैं। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


Related Articles