CG Revenue Department Review Meeting: रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से जनहितैषी कार्यों को पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार और सीमांकन जैसे लंबित राजस्व प्रकरणों की जिलेवार समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी मामलों का निपटारा निर्धारित समय-सीमा में होना चाहिए, अन्यथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने राजस्व वसूली की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए रायपुर जिले के संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री वर्मा ने डिजिटल सुधारों पर जोर देते हुए एग्रीस्टेक, जियो-रिफ्रेसिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री जैसे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नक्शा प्रोजेक्ट और जियोरिफ्रेसिंग कार्यों को अगले तीन माह में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही उन्होंने नगरीय निकायों में आबादी पट्टा वितरण, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, स्कूल और अस्पताल भवनों की सुरक्षा तथा अग्निशमन सेवाओं के आधुनिकीकरण पर भी विशेष निर्देश दिए।
बैठक में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने स्वामित्व कार्ड वितरण को तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
उन्होंने तहसीलदारों की पदोन्नति, नायब तहसीलदारों की परिवीक्षा अवधि और वाहन क्रय संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा की। साथ ही आगामी बजट 2025-26 और 2026-27 को लेकर विभागीय तैयारियों की समीक्षा की गई।
मंत्री ने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य हर कार्य को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करना है ताकि आम जनता को सीधे लाभ मिल सके।

