Raipur News : तीन महीने से फरार सट्टा आरोपी का बर्थडे पार्टी में दिखा VIDEO, गोवा-बेंगलुरु तक नेटवर्क के कनेक्शन

Raipur News : तीन महीने से फरार सट्टा आरोपी का बर्थडे पार्टी में दिखा VIDEO, गोवा-बेंगलुरु तक नेटवर्क के कनेक्शन

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े नमन–आयुष सिंडिकेट के फरार आरोपी का बर्थडे पार्टी मनाते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपियों की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में सिंडिकेट से जुड़े बताए जा रहे सागर आडवानी को बर्थडे पार्टी में शामिल देखा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक सागर इस मामले में फरार आरोपियों में शामिल है और उसकी तलाश की जा रही है।

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस आरोपी को पुलिस करीब तीन महीने से तलाश रही है, वह सार्वजनिक रूप से पार्टी करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज करने की बात कही है। पुलिस का दावा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक समेत सिंडिकेट से जुड़े सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

तेलीबांधा पुलिस ने मई 2026 में ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए रायपुर में सट्टा खिलाने वाले नमन–आयुष सिंडिकेट का खुलासा किया था। पुलिस के अनुसार Gold777.com, silverbet777.club, jmdbet777.com, AllpaneleXch9.co और Diamond Book जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के माध्यम से सट्टे का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड नमन जग्गी समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच में नेटवर्क से जुड़े 12 अन्य नाम सामने आए, जो पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार पांच मई की रात 36 मॉल के पास कार में बैठकर नमन जग्गी आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ा। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन बैटिंग साइट से जुड़ी आईडी और सट्टे के संचालन से संबंधित जानकारी मिलने का दावा पुलिस ने किया। जांच आगे बढ़ने पर राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार निवासी मोहम्मद सरफराज मामदानी समेत अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक मामले में मोहसीन खान, गोलू, बीबी एनजीपी, सागर आडवानी, गोलू अलमास, चंदन, अंकित, सौरभ जैन, बाबू गावली, जयेश भैया, अमित और राज गुप्ता फरार हैं। इनकी तलाश के लिए पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

जांच में नमन जग्गी को मास्टर आईडी के जरिए आईडी बेचकर सट्टा खिलाने वाला मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस के अनुसार मोहसीन खान, सौरभ जैन, आयुष जैन, सागर आडवानी, चंदन, गोलू अलमास, अंकित, जयेश और अमित की भूमिका नमन को मास्टर आईडी उपलब्ध कराने से जुड़ी बताई गई है। वहीं सरफराज उर्फ सैफ और गोलू पर नमन से आईडी खरीदकर सट्टा खिलाने का आरोप है। बाबू गावली पर ऑनलाइन सट्टे से संबंधित आईडी और पासवर्ड के माध्यम से प्वाइंट बढ़ाने के लिए हैकर की मदद लेने की भूमिका बताई गई है। राज गुप्ता पर सिंडिकेट की मास्टर आईडी संचालित करने की भूमिका सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस की जांच में इस नेटवर्क के तार रायपुर से बाहर भी जुड़े होने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। सिंडिकेट के कनेक्शन गोवा और बेंगलुरु तक बताए गए हैं। ऐसे में वायरल वीडियो सामने आने के बाद फरार आरोपियों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जांच भी अहम मानी जा रही है।

सागर आडवानी का वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब पुलिस इस मामले के फरार आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। वीडियो की वास्तविकता, इसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और वीडियो कब तथा कहां बनाया गया, इसकी पुलिस जांच कर रही है। यदि वीडियो हाल का पाया जाता है तो यह सवाल भी उठेगा कि फरार आरोपी तक पुलिस की पहुंच क्यों नहीं बन पाई।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि नमन–आयुष सट्टा सिंडिकेट मामले में विवेचना जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवक सहित मामले से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।


Related Articles