Chhattisgarh Janjgir-Champa News : जांजगीर-चांपा। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्राचार्य और एक लिपिक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी की प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह को ACB की टीम ने रिश्वत की रकम लेते पकड़ा है।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने अपने ही स्कूल के बाबू मनीष राठौर से वेतन वृद्धि के एरियर की 80 हजार रुपए की राशि निकलवाने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और जाल बिछाकर रिश्वत की रकम लेते समय दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
इस कार्रवाई के लिए ACB ने 13 अधिकारियों की विशेष टीम गठित की थी। टीम ने तय योजना के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
ACB की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। बताया गया है कि ACB बिलासपुर की यह लगातार 56वीं ट्रैप कार्रवाई है।

