Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन और संसद मार्च के समर्थन में राजधानी रायपुर में आंदोलन तेज हो गया है। अंबेडकर चौक पर चल रहे छात्र प्रदर्शन को सोमवार को विभिन्न ट्रेड यूनियनों, सांस्कृतिक और नागरिक संगठनों का समर्थन मिला। बड़ी संख्या में संगठन प्रतिनिधि और कार्यकर्ता आंदोलन स्थल पहुंचे, जहां छात्रों के साथ नारेबाजी की गई, जनगीत गाए गए और बाद में राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन में ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज यूनियन, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू), संयुक्त ट्रेड यूनियन काउंसिल, जनवादी लेखक संघ, इप्टा, जन संस्कृति मंच, प्रगतिशील लेखक संघ और झुग्गी-झोपड़ी संघ सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने छात्र आंदोलन को लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए इसका खुलकर समर्थन किया।
सभा को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मराज महापात्र ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का उनका संगठन समर्थन करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार से परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही तय करने, केंद्रीयकृत नीट परीक्षा प्रणाली समाप्त कर पुरानी व्यवस्था बहाल करने, नई शिक्षा नीति वापस लेने और सभी के लिए निःशुल्क एवं सार्वभौमिक शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। वक्ताओं ने दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग की निंदा की। साथ ही जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जल्द अस्पताल से छुट्टी देने की मांग भी उठाई।
सभा के अंत में विभिन्न संगठनों ने रायपुर में जारी छात्र आंदोलन को हरसंभव समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान हेमंत पाल, अनुज शुक्ला, सोनम बंसोड, डिंकल देशभ्रातर, योगेश सेलारकर, दिवांशु बंसोड और इंडिया धृतलहरे भूख हड़ताल पर बैठ गए, जिनके समर्थन में मौजूद संगठनों ने आंदोलन को आगे भी जारी रखने की घोषणा की।

