Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के दूरस्थ, जनजातीय और सीमावर्ती क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। मुख्यमंत्री ने डिजिटल भारत निधि (DBN) योजना के तहत प्रदेश में 2,305 नए मोबाइल टावरों को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मजबूत मोबाइल नेटवर्क और हाई-स्पीड इंटरनेट से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और शासकीय योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा कि दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में मोबाइल टावरों की स्थापना डिजिटल समावेशन की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों के लिए 577 अतिरिक्त मोबाइल टावरों की स्वीकृति पर केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार भी जताया। उन्होंने बताया कि इन 577 स्थानों में से 489 स्थानों के लिए बीएसएनएल को भूमि संबंधी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष 88 स्थानों पर भी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। जहां अनुमति मिल चुकी है, वहां टावर स्थापना का कार्य शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी से विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, मरीजों को टेलीमेडिसिन, किसानों को कृषि संबंधी जानकारी और ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग व शासकीय सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित 2,305 मोबाइल टावरों को मंजूरी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल विकास को नई गति मिलेगी।

