Raipur News : ट्रैफिक दबाव घटाने सरकार की नई पहल, प्रस्तावित सड़क का आज अफसर करेंगे संयुक्त निरीक्षण

Raipur News : ट्रैफिक दबाव घटाने सरकार की नई पहल, प्रस्तावित सड़क का आज अफसर करेंगे संयुक्त निरीक्षण

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी के बाहरी इलाकों और रिंग रोड पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए राज्य सरकार ने नई सड़क बनाने की योजना तैयार की है। चंदनीडीह से पुराने धमतरी रोड तक प्रस्तावित इस सड़क के बनने से वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और शहर के कई प्रमुख रास्तों पर जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित मार्ग का आज रायपुर कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर, टाउन प्लानिंग के संचालक और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सड़क निर्माण में आने वाली संभावित बाधाओं और तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया जाएगा। निरीक्षण के बाद नई सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी।

फिलहाल रिंग रोड-5 यानी चंदनीडीह से शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को पचपेड़ीनाका की ओर जाना पड़ता है। टाटीबंध चौक के नए ओवरब्रिज की सर्विस रोड के इस्तेमाल के कारण यहां अक्सर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। नई सड़क बनने के बाद वाहन चंदनीडीह से कमल विहार की मौजूदा सड़क होते हुए सीधे पुराने धमतरी रोड तक पहुंच सकेंगे।

इस मार्ग के तैयार होने से धमतरी, रायपुर, नवा रायपुर और वीआईपी रोड से मंदिर हसौद की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा भिलाई-दुर्ग और बिलासपुर-बीरगांव की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह वैकल्पिक मार्ग उपयोगी साबित हो सकता है।

वहीं, गणेश और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान मुख्य सड़कों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने के लिए महादेव घाट विसर्जन कुंड तक भी नई सड़क बनाने की योजना है। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की ओर से रायपुरा रोड स्थित इंद्रप्रस्थ-2 के पहले मनुआस रियलिटी क्षेत्र से नई सड़क प्रस्तावित है।


Related Articles