Raipur News : अपराध नियंत्रण पर फोकस: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़े पैमाने पर तबादले, तत्काल जॉइनिंग के निर्देश

Raipur News : अपराध नियंत्रण पर फोकस: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़े पैमाने पर तबादले, तत्काल जॉइनिंग के निर्देश

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आदेश जारी कर 38 पुलिसकर्मियों का तबादला किया है। इस फेरबदल के तहत उप निरीक्षक (SI), सहायक उप निरीक्षक (ASI), प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार, थानों और क्राइम ब्रांच के बीच स्टाफ का पुनर्गठन किया गया है। कई अनुभवी पुलिसकर्मियों को थानों से क्राइम ब्रांच में पदस्थ किया गया है, ताकि गंभीर अपराधों की जांच और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। वहीं, क्राइम ब्रांच में तैनात कुछ कर्मचारियों को मैदानी पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए विभिन्न थानों में भेजा गया है।

पुलिस कमिश्नर के निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने नए पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का मानना है कि इस बदलाव से संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और पुलिसिंग की कार्यक्षमता बढ़ेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे प्रशासनिक फेरबदल से विभागीय कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा आती है, थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है और आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।


Related Articles