Raipur News : बस्तर की ढोकरा कला से देशभर के शिल्पकारों तक, रायपुर में शुरू होगा ‘द लोकल मेकर्स मार्केट’ का दूसरा संस्करण

Raipur News : बस्तर की ढोकरा कला से देशभर के शिल्पकारों तक, रायपुर में शुरू होगा ‘द लोकल मेकर्स मार्केट’ का दूसरा संस्करण

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर कला, हस्तशिल्प और संस्कृति का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। ‘द लोकल’ (The Local) की ओर से 31 जुलाई से 2 अगस्त तक ‘द लोकल मेकर्स मार्केट – एडिशन II’ का आयोजन किया जाएगा। यह तीन दिवसीय आयोजन विधानसभा रोड स्थित द वाहे (The Vaahe) में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा।

इस बार मेकर्स मार्केट में देशभर के 70 से अधिक मेकर्स और 10 से ज्यादा कलाकार हिस्सा लेंगे। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से शिल्पकार और कलाकार रायपुर पहुंचेंगे। आयोजन का उद्देश्य हस्तनिर्मित उत्पादों को मंच देने के साथ रायपुर को देश के प्रमुख सांस्कृतिक और हस्तशिल्प केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

आयोजन में हस्तनिर्मित फैशन, होम डेकोर, ज्वेलरी, पॉटरी, फाइन आर्ट और मूर्तिकला के साथ लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन, क्रिएटिव वर्कशॉप, क्षेत्रीय व्यंजन और लोक, शास्त्रीय व सूफी संगीत की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

इस वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण ‘बस्तर पवेलियन’ होगा, जिसे छत्तीसगढ़ शासन के ग्रामीण उद्योग विभाग के सहयोग से तैयार किया गया है। यहां बस्तर की विश्वप्रसिद्ध ढोकरा धातु कला, रॉट आयरन शिल्प और जनजातीय कला को गैलरी शैली में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे लोग प्रदेश की समृद्ध शिल्प विरासत को करीब से जान सकेंगे।

आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य रायपुर को देश के सांस्कृतिक मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना है। द लोकल की संस्थापक पारुल खुराना ने कहा कि मेकर्स मार्केट केवल खरीदारी का मंच नहीं, बल्कि देशभर के शिल्पकारों और कलाकारों की कला और मेहनत को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है। बस्तर पवेलियन के जरिए छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है।


Related Articles