Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और झीरम कांड के पीड़ित परिवारों के सदस्यों से मुलाकात की। बैठक में झीरम मामले में आए हालिया NIA कोर्ट के फैसले, आगे की कानूनी प्रक्रिया और पीड़ित परिवारों की मांगों को लेकर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों से कहा कि पूरा न्याय मिलने तक एक इंच पीछे नहीं हटना है और न्याय की लड़ाई जारी रखनी है। बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और PCC अध्यक्ष दीपक बैज मौजूद रहे।
झीरम पीड़ित परिवारों की ओर से उमेश पटेल, अनिता योगेंद्र शर्मा, जितेंद्र मुदलियार, शिव सिंह ठाकुर, छविंद्र कर्मा और मलकीत सिंह गैन्दू सहित अन्य सदस्य बैठक में शामिल हुए। बैठक में मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि 10 जनपथ, नई दिल्ली में राहुल गांधी के साथ झीरम घटना में हुए अन्याय, जांच एजेंसियों की भूमिका और आगे की लड़ाई को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में झीरम शहीदों के परिवारजनों और घटना के समय मौजूद रहे लोगों से भी संवाद किया।
गौरतलब है कि झीरम घाटी हमले के मामले में NIA की विशेष अदालत ने सितंबर 2026 में 10 आरोपियों को दोषी ठहराने के बाद मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। 2013 के इस हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं समेत बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी

