Sakti News: जलस्तर बढ़ने की आशंका के बीच प्रशासन सतर्क, पुलों पर जोखिम बढ़ने पर आवागमन रोकने के निर्देश

Sakti News: जलस्तर बढ़ने की आशंका के बीच प्रशासन सतर्क, पुलों पर जोखिम बढ़ने पर आवागमन रोकने के निर्देश

Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ, सीएमओ और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सावधानियां बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने जिले के घाटों और पुलों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ लगातार निगरानी रखने को कहा है। राजस्व, पुलिस, जल संसाधन, नगर सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को नदियों, घाटों, बैराजों के जलस्तर और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर सतत नजर रखने तथा आवश्यक संसाधन और बचाव उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर द्वारा अधिकारियों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है और सुरक्षा की दृष्टि से जिले की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि किसी पुल पर पानी का बहाव आवागमन के लिए जोखिमपूर्ण होने की स्थिति में तत्काल यातायात नियंत्रित किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया जाए। ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के साथ जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, पुल और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। तेज बहाव वाले पानी में सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी आकस्मिक या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है, ताकि समय पर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई की जा सके।

वर्तमान में जिले में स्थिति सामान्य है। प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर जिले के तटीय क्षेत्रों, पुल-पुलियों और जलस्तर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


Related Articles