Balod News : मूसलाधार बारिश से रेल पटरी के नीचे की मिट्टी धंसी, इंजीनियरिंग टीम ने संभाला मोर्चा; कई ट्रेनें प्रभावित

Balod News : मूसलाधार बारिश से रेल पटरी के नीचे की मिट्टी धंसी, इंजीनियरिंग टीम ने संभाला मोर्चा; कई ट्रेनें प्रभावित

Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड के लाटाबोड़-गुंडरदेही के बीच शनिवार तड़के भारी जलभराव के चलते रेलवे ट्रैक के नीचे की मिट्टी धंसने की स्थिति सामने आई। यात्री सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने प्रभावित हिस्से में ट्रेनों का परिचालन सावधानी से करने के साथ कुछ ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है।

ट्रैक में खराबी सामने आने के बाद ट्रेन नंबर 78817 दुर्ग-दल्लीराजहरा डीडीएम पैसेंजर को सुबह 3.35 बजे गुंडरदेही स्टेशन पर करीब तीन घंटे तक रोकना पड़ा। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक को सुरक्षित करने का काम शुरू किया। करीब 6.40 बजे कॉशन ऑर्डर जारी होने के बाद ट्रेन को दल्लीराजहरा के लिए रवाना किया गया। प्रभावित हिस्से में ट्रेन को नियंत्रित गति से चलाया गया।

जानकारी के अनुसार किलोमीटर नंबर 909/4-5 के बीच बारिश के कारण ट्रैक पर पानी भर गया था, जिससे पटरी के नीचे की मिट्टी धंस गई। रेलवे की टेक्निकल टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया और ट्रैक की स्थिति की निगरानी की।

स्थिति का जायजा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद सहित संरक्षा और इंजीनियरिंग विभाग के मंडल स्तरीय अधिकारी सुबह करीब 9.04 बजे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जलभराव और प्रभावित ट्रैक का निरीक्षण किया। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर तैनात रहे।

ट्रैक की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 26 सितंबर को पांच ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है। ट्रेन नंबर 78816 अंतागढ़-रायपुर का दल्लीराजहरा से रायपुर के बीच परिचालन रद्द रहेगा। ट्रेन नंबर 78815 रायपुर-अंतागढ़ भी रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 78818 अंतागढ़-दुर्ग दल्लीराजहरा से चलेगी, जबकि अंतागढ़ से दल्लीराजहरा के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा। इसके अलावा 68765 ताड़ोकी-रायपुर और 68764 रायपुर-ताड़ोकी का परिचालन भी 26 सितंबर को रद्द रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार संबंधित रेलखंड में ट्रैक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इंजीनियरिंग और टेक्निकल टीम ट्रैक को सुरक्षित एवं दुरुस्त करने में जुटी है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रैक की स्थिति के आधार पर आगे के परिचालन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।


Related Articles