Raipur News: टैलेंट और रैंप वॉक में दिखा आत्मविश्वास, निष्ठा गनवीर बनीं पहली मिस दिव्यांग सुंदरी

Raipur News: टैलेंट और रैंप वॉक में दिखा आत्मविश्वास, निष्ठा गनवीर बनीं पहली मिस दिव्यांग सुंदरी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। अंबुजा सिटी सेंटर मॉल में आयोजित ‘मिस दिव्यांग सुंदरी छत्तीसगढ़ 2026’ प्रतियोगिता में आकांक्षा स्कूल की निष्ठा गनवीर ने पहला स्थान हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ की पहली ‘मिस दिव्यांग सुंदरी 2026’ का खिताब अपने नाम किया। राधेय फिल्म्स एंड एंटरटेनमेंट हाउस और जेसीआई रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए प्रदेशभर से 100 से अधिक पंजीयन हुए थे, जिनमें चयन के बाद 30 प्रतिभागियों ने फाइनल में हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबले में प्रतिभागियों ने टैलेंट राउंड और रैंप वॉक के जरिए अपनी कला, व्यक्तित्व और मंचीय आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। दोनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल ने विजेताओं का चयन किया। आयोजक युगल गौतम और दिव्या यादव के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग बेटियों को उनकी शारीरिक स्थिति के बजाय उनकी प्रतिभा, क्षमता और व्यक्तित्व के आधार पर पहचान दिलाने के लिए मंच उपलब्ध कराना था।

निष्ठा गनवीर डाउन सिंड्रोम के साथ जीवन जी रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार उनका चयन इस आयोजन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहा। प्रतियोगिता में सानिया सेन फर्स्ट रनर अप और सत्या श्रीवास्तव सेकंड रनर अप रहीं। वी. मोनिका राव को ‘मिस ब्यूटीफुल स्माइल’ और मानसी पांडे को ‘मिस कॉन्फिडेंस’ का खिताब प्रदान किया गया। आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को ‘मिस इंस्पिरेशन अवार्ड’ से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में पद्मश्री अनुज शर्मा, मोना सेन, महामंडलेश्वर साध्वी सोम्या और भाजपा महिला मोर्चा की डॉ. नीतू सिंह सहित कई अतिथि मौजूद रहे। पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा कि ऐसे मंच दिव्यांग बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को समाज के सामने लाने में भूमिका निभा सकते हैं। मोना सेन ने छत्तीसगढ़ में पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित किए जाने को विशेष पहल बताया।


Related Articles