Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र में किसानों से धान खरीदी के नाम पर 21 लाख 37 हजार 745 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने ग्राम बोहारा, डोटोपार और अरकार क्षेत्र के करीब 19 किसानों को बाजार भाव से अधिक कीमत देने का झांसा देकर धान खरीदा और 1-2 दिन में भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में किसानों को उनकी उपज की रकम का भुगतान नहीं किया। मामले में पुलिस ने आरोपी मयंक जैन उर्फ दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक किसानों की शिकायत के बाद सनौद थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि आरोपी मूल रूप से ग्राम नांहदा, थाना देवरी, जिला बालोद का निवासी है। धोखाधड़ी के बाद पुलिस से बचने के लिए वह अपना ठिकाना बदलकर राजनांदगांव जिले के घुमका में किराये के मकान में रहने लगा था। वहां वह ‘महालक्ष्मी वस्त्रालय’ नाम से कपड़े की दुकान संचालित कर रहा था और करीब दो महीने से घुमका में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग नाम और पते का इस्तेमाल कर रहा था।
आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने साइबर सेल बालोद से तकनीकी मदद लेने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आरोपी के घुमका में छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और सनौद थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने किसानों से धान खरीदने और रकम का भुगतान नहीं करने की बात स्वीकार की।
मामले में सनौद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपी मयंक जैन उर्फ दीपक अग्रवाल, उम्र 32 वर्ष, पिता सुशील जैन, निवासी नांहदा, थाना देवरी, जिला बालोद को 21 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर बालोद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

