रायपुर: राधाकृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनेगा जन्माष्टमी पर्व, 101 किलो दूध से होगा श्रीकृष्ण का अभिषेक

रायपुर: राधाकृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनेगा जन्माष्टमी पर्व, 101 किलो दूध से होगा श्रीकृष्ण का अभिषेक

Chhattisgarh News: रायपुर। समता कॉलोनी स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। कोलकाता के कुशल कारीगरों द्वारा भगवान की प्रतिमा सहित पूरे मंदिर परिसर का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है।

मंदिर समिति के अनुसार, 4 सितंबर को सुबह 7 बजे भगवान श्रीकृष्ण का 101 किलो दूध से दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद कन्हैया का विशेष श्रृंगार भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। सुबह 9 बजे से श्रद्धालुओं के लिए श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन शुरू होंगे।

अर्धरात्रि में मनाया जाएगा कृष्ण जन्मोत्सव

जन्माष्टमी के अवसर पर अर्धरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पूजा-अर्चना और आरती का पुण्य लाभ लेंगे। इसके बाद भक्तों के लिए प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी।

5 सितंबर को होगा रानी सती दादी का मंगल पाठ

महोत्सव के अगले दिन 5 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रानी सती दादी जी का मंगल पाठ आयोजित किया जाएगा, जो शाम तक चलेगा। मंगल पाठ के पश्चात प्रसादी वितरण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

मंदिर समिति के अध्यक्ष घनश्याम पोद्दार, कोषाध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल, सचिव रमाशंकर पांडे, उपाध्यक्ष शिव सिंघानिया एवं हरीश अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी और भक्तजन आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। महिला मंडल की सदस्याएं भी पूरे आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाएंगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लेने की अपील की है।


Related Articles