Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा खुर्द में सड़क की बदहाली को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। खबर प्रकाशन के बाद सड़क के एक बड़े गड्ढे में मिट्टी डालकर उसे पाट दिया गया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या सिर्फ एक गड्ढे तक सीमित नहीं है। सड़क पर अब भी जगह-जगह सैकड़ों छोटे-बड़े गड्ढे पानी और कीचड़ से भरे हुए हैं, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, मौजूदा स्थिति में मोटरसाइकिल से गुजरना तो दूर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण रोजमर्रा के आवागमन में उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि खबर प्रकाशित होने के बाद एक बड़े गड्ढे को पाटा जा सकता है, तो सड़क के बाकी गड्ढों की मरम्मत क्यों नहीं कराई गई। उनका आरोप है कि केवल एक गड्ढे को पाटकर सड़क की समस्या का समाधान होने जैसा माहौल बनाया जा रहा है, जबकि जमीनी स्थिति में सड़क अब भी बदहाल है।
ग्रामीणों ने पंचायत के सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बरसात से पहले सड़क की मरम्मत के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए थे। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत कराई जाती तो बारिश के दौरान ग्रामीणों को कीचड़ और गड्ढों के बीच आवागमन करने की परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की मौजूदा स्थिति का निरीक्षण और जांच कराने, पूर्व में कराए गए सड़क मरम्मत कार्यों तथा मरम्मत के नाम पर किए गए खर्च की जांच करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा की यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहना गंभीर विषय है। अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग और जनपद पंचायत मामले का संज्ञान लेकर केवल एक गड्ढा पाटने तक सीमित रहती है या पूरी सड़क की स्थिति सुधारने के लिए स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करती है।

