Chhattisgarh Patan News: पाटन। पाटन तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम करगा की सड़क इन दिनों जर्जर स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थित फैक्टरी के कारण सड़क से लगातार भारी वाहनों और बड़े ट्रकों की आवाजाही होती है, जिससे सड़क की हालत और खराब हो गई है।
जर्जर सड़क के चलते ग्रामीणों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। वहीं भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्राम पंचायत करगा के सरपंच कमलेश ठाकुर और उपसरपंच अंकित आडिल ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर शासन की ओर से आयोजित सुशासन शिविर में भी दो बार आवेदन दिया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है और ग्रामीणों को बदहाल सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि करगा गांव की जर्जर सड़क का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति सुधरने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण बनी दुर्घटना की आशंका को भी कम किया जा सकेगा।

