Chhattisgarh Patan News: पाटन। पाटन थाना पुलिस ने भूमिहीन हितग्राहियों की सरकारी योजना की राशि में हेराफेरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 63 भूमिहीन हितग्राहियों के कुल 12 लाख 60 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत पाटन में पदस्थ प्रार्थी जितेष कुमार वर्मा ने 19 मई 2026 को थाना पाटन में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मिलने वाली 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि को आरोपी नर्मदा बाई एवं लिलेष्वर यादव उर्फ रवि द्वारा अपने खातों में ट्रांसफर कर लिया गया।
शिकायत के आधार पर थाना पाटन में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तथा एसडीओपी पाटन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी (26 वर्ष) निवासी अकोला, उड़िया बस्ती थाना कुम्हारी जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

