Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा: ग्राम पंचायत डोमसरा स्थित वृक्षारोपण स्थल पर कबीर किसान समूह द्वारा अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मासिक बैठक एवं विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ एग्रिकान समिति के सहयोग से सम्पन्न हुआ, जिसका उद्देश्य किसानों को सतत कृषि पद्धतियों, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और बदलती कृषि परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान समलिया साहू ने अक्षय तृतीया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे कृषि कार्यों की नई शुरुआत का शुभ दिन बताया। इस अवसर पर बेल के पेड़ की पूजा-अर्चना की गई तथा बीज बोने और वृक्षारोपण कर प्रकृति के प्रति आस्था और कृतज्ञता व्यक्त की गई। साथ ही सामुदायिक भूमि का भ्रमण कर विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन भी किया गया।
बैठक में संभावित रासायनिक खाद संकट को देखते हुए किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें हरी खाद (सनई), ट्राइकोडर्मा, स्यूडोमोनास, राइजोबियम और पीएसबी जैसे बायो-इनपुट्स के उपयोग के साथ-साथ नीमास्त्र, जीवामृत, घन जीवामृत और पंचपर्णी अर्क जैसे घरेलू जैविक घोलों की जानकारी दी गई। इन उपायों से खेती की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
जल संकट को ध्यान में रखते हुए सोख पीट (रिचार्ज पिट), वर्षा जल संचयन और ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही हरी खाद (सनई) के महत्व पर चर्चा करते हुए बीज वितरण और उत्पादन की रणनीति तैयार की गई। इसके तहत प्रत्येक किसान को एक एकड़ भूमि तक बीज उपलब्ध कराने और कुल कृषि भूमि का 20 से 25 प्रतिशत हिस्सा बीज उत्पादन के लिए सुरक्षित रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सामुदायिक स्तर पर बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (BRC) की स्थापना पर भी चर्चा हुई। ग्राम महली के किसानों ने अपने गांव में BRC स्थापित करने की सहमति दी, जो स्थानीय स्तर पर जैविक इनपुट तैयार करने और किसानों की आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिससे किसानों और टीम सदस्यों के बीच बेहतर संवाद स्थापित हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक दीपक बागरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महली, डोमसरा, बांधा, पौनी और बनियाकुबा गांवों के किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सुरेंद्र सोनकर (प्रोग्राम ऑफिसर), ओम प्रकाश भास्कर (प्रोग्राम ऑफिसर, पंडरिया), नर्मदा प्रसाद (सोशल मोबिलाइजर) सहित कबीर वॉलंटियर्स ब्रजेश और रंजीत की सक्रिय भागीदारी रही।

