CG Weather News: बिजली गिरने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह, जानें छग में मौसम का हाल

CG Weather News: बिजली गिरने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह, जानें छग में मौसम का हाल

CG Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले चार से पांच दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री होने के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चल सकता है और कई क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक 50 मिमी बारिश मुंगेली में रिकॉर्ड की गई, जबकि कवर्धा में 10 मिमी वर्षा हुई।

बारिश के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़, जिसमें रायपुर और दुर्ग संभाग शामिल हैं, वहां तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है।

राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर में दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही धूलभरी आंधी भी चल सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


Related Articles