महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: 1.14 करोड़ का 226 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: 1.14 करोड़ का 226 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

Chhattisgarh Mahasamund Latest News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक पिकअप वाहन से 1.14 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का 226.600 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।

यह गांजा खाली कैरेट के पीछे छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के गनियारीपाली गांव स्थित एनएच-53 पर सिल्की ढाबा के सामने की नाकेबंदी के दौरान की।

सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन MH16CD8741 को रोका और तलाशी ली। जांच में वाहन के डाले में बोरियों के अंदर गांजा छिपा हुआ मिला। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत लगभग 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान अजिनाथ आश्रु जाधव (28) और अक्षय बारुक (32) के रूप में हुई है। दोनों महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा से अहमदनगर ले जा रहे थे।

पुलिस ने गांजा, पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।


Related Articles