Chhattisgarh Raipur NSUI Protest: रायपुर। छत्तीसगढत्र की रायपुर में गुरुवार (7 मई) को एनएसयूआई ने छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रायपुर पहुंचे और महिला थाना चौक के पास एकत्र होकर प्रदर्शन शुरू किया।
प्रदर्शन को देखते हुए सीएम हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने चार लेयर की बैरिकेडिंग लगाई है, हालांकि प्रदर्शनकारियों ने पहली बैरिकेडिंग को तोड़ दिया।
एनएसयूआई का कहना है कि राज्य में 2017 से छात्र संघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे छात्रों को लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से वंचित किया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि सरकार NSUI की संभावित जीत के डर से चुनाव नहीं करा रही है।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने छात्र राजनीति से शुरुआत कर संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी आम परिवारों के युवाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर देती है और राहुल गांधी चाहते हैं कि युवा व्यवस्था को चुनौती दें।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में राज्य सरकार ने लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों और कुलपतियों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगा दी थी। सरकार का तर्क था कि चुनावों से शैक्षणिक माहौल प्रभावित होता है और पढ़ाई बाधित होती है। इसके बाद से कॉलेजों में मनोनयन प्रक्रिया के जरिए छात्र प्रतिनिधियों का चयन किया जा रहा है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

