Amit Shah Visit Bastar Chhattisgarh: नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 19 और 20 मई को बस्तर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद (Central Zonal Council) की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में होने वाली यह बैठक सुरक्षा और विकास दोनों दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नक्सल उन्मूलन अभियान के बाद पहली बार बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में इस स्तर की बैठक आयोजित हो रही है। लंबे समय तक देश के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल रहे बस्तर में अब सुरक्षा हालात में आए सुधार को केंद्र सरकार सकारात्मक बदलाव के रूप में पेश कर रही है।
बैठक में नक्सलवाद के खिलाफ संयुक्त रणनीति, राज्यों के बीच सुरक्षा समन्वय, सीमावर्ती जिलों में खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था, सड़क-स्वास्थ्य-संचार जैसी आधारभूत परियोजनाओं की समीक्षा और बस्तर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी।
सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह अपने दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल सहित विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और लोकार्पण की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकों में क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की समीक्षा भी की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि बस्तर में केंद्रीय गृहमंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक और मनोवैज्ञानिक संदेश भी है। केंद्र सरकार सुरक्षा और विकास को साथ लेकर चलने की रणनीति के तहत बस्तर को संघर्ष नहीं, बल्कि विकास और स्थिरता के मॉडल के रूप में स्थापित करना चाहती है।
बैठक में 2026 तक नक्सलवाद उन्मूलन रोडमैप, सुरक्षा कैंपों और सड़क नेटवर्क का विस्तार, आदिवासी क्षेत्रों में रोजगार और शिक्षा योजनाएं, ड्रोन और आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी तथा केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत बनाने जैसे एजेंडे पर भी चर्चा होने की संभावना है।

