Raipur Latest News: दिसंबर-जनवरी में प्रस्तावित Special TET के लिए जल्द मिलेगा पाठ्यक्रम, सफल शिक्षकों को SCERT देगा प्रमाण पत्र

Raipur Latest News: दिसंबर-जनवरी में प्रस्तावित Special TET के लिए जल्द मिलेगा पाठ्यक्रम, सफल शिक्षकों को SCERT देगा प्रमाण पत्र

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे गैर-TET शिक्षकों के लिए आने वाले दो महीने महत्वपूर्ण होने वाले हैं। नौकरी में बने रहने और भविष्य में पदोन्नति के लिए अब शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण करना जरूरी होगा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुपालन में स्कूल शिक्षा विभाग ने सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष TET आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। यह परीक्षा दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है।

विभागीय निर्देशों के अनुसार, कक्षा पहली से आठवीं तक अध्यापन करा रहे ऐसे शासकीय शिक्षक, जिनकी सेवा अवधि पांच वर्ष या उससे अधिक शेष है और जिन्होंने अब तक TET उत्तीर्ण नहीं की है, उन्हें संबंधित स्तर की पात्रता परीक्षा पास करनी होगी। इसके लिए राज्य सरकार प्रतिवर्ष कम से कम दो बार विशेष परीक्षा आयोजित करेगी, ताकि शिक्षकों को पात्रता हासिल करने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।

इस विशेष परीक्षा का आयोजन नियमित TET से अलग कंप्यूटर आधारित प्रणाली (CBT) के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए निजी तकनीकी सेवा प्रदाता कंपनी की मदद ली जाएगी। परीक्षा आवश्यकता के अनुसार एक से अधिक पालियों में आयोजित हो सकती है। सभी पालियों में प्रश्नपत्रों का कठिनाई स्तर समान रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और समानता बनी रहे।

विशेष TET परीक्षा में सफल होने वाले शिक्षकों को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), रायपुर की ओर से प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को SCERT से प्राप्त परीक्षा पाठ्यक्रम की जानकारी गैर-TET शिक्षकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। दिसंबर-जनवरी में प्रस्तावित परीक्षा को देखते हुए शिक्षकों को समय रहते पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।


Related Articles